बठिंडा में स्कूल वैन चालकों ने अपनी मांगों को लेकर वीरवार को हड़ताल कर दी। इस दाैरान दाना मंडी में प्रदर्शन किया गया। हड़ताल के चलते कुछ स्कूल संचालकों ने पीटीएम रख ली और कुछ स्कूलों में अभिभावक अपने बच्चों को खुद छोड़कर आए। वैन चालकों ने सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाया। गुरप्रीत सरां ने कहा कि लाखों परिवार और बच्चों की सुरक्षा इस व्यवसाय से जुड़ी हुई है, लेकिन इसके बावजूद कोई भी परिवहन अधिकारी या मंत्री उनसे मिलने और उनकी बात सुनने का समय तक नहीं दे रहा है। यूनियन के अनुसार सरकारें नए-नए नियम थोप रही हैं। भारी टैक्स और पासिंग की दिक्कतों के कारण नई खरीदी गई बसें भी दो-दो, तीन-तीन साल से बिना नंबर और पासिंग के खड़ी हैं। ट्रांसपोर्टरों की मांग है कि हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और चंडीगढ़ की तर्ज पर पंजाब में भी एक अलग और राहत देने वाली 'स्कूल ट्रांसपोर्ट नीति' बनाई जाए। बसों में पहले से लगे जीपीएस सिस्टम को खारिज करके परिवहन विभाग द्वारा अपनी पसंद का नया जीपीएस सिस्टम लगाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जिसके कारण वाहनों की पासिंग रुकी हुई है।