महान सूफी संत बाबा शेख फरीद जी की चरण छोह प्राप्त ऐतिहासिक नगरी फरीदकोट की शान और विरासत के प्रतीक किला मुबारक को 26 नवंबर 2026 से एक सप्ताह के लिए आम जनता के लिए खोला जाएगा। इस संबंध में मंगलवार शाम विधायक गुरदित्त सिंह सेखों और डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा ने किला मुबारक का दौरा कर वहां किए जा रहे प्रबंधों और मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। इस अवसर पर विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने बताया कि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विशाल नगर कीर्तन 2 दिसंबर को किला मुबारक से आरंभ होगा। इससे पहले ऐतिहासिक किले को एक सप्ताह के लिए आम जनता के लिए खोला जा रहा है, ताकि शहरवासी और विशेषकर युवा पीढ़ी अपनी गौरवशाली विरासत को करीब से देख और समझ सकें। उन्होंने कहा कि फरीदकोट ऐतिहासिक इमारतों और समृद्ध विरासत से भरपूर शहर है। पंजाब सरकार राज्य की ऐतिहासिक इमारतों और विरासती स्थलों की संभाल करने के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वहीं, डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा ने शहरवासियों और पर्यटकों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक धरोहर के दर्शन करने जरूर पहुंचें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से लोगों की सुविधा के लिए उचित प्रबंध किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने लोगों से किला मुबारक की साफ-सफाई और ऐतिहासिक गरिमा बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की। इस मौके पर नगर कौंसिल प्रधान बलजिंदर सिंह आहूजा, नायब तहसीलदार गुरचरण सिंह, अमरजीत परमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।