फरीदकोट के सरकारी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में लड़कियों के हॉस्टल ब्लॉक की पहली मंजिल का उद्घाटन विधायक फरीदकोट गुरदित्त सिंह सेखों ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता देते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विधायक सेखों ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। प्राथमिक शिक्षा से लेकर मेडिकल, बीएड, कृषि, आईटी और अन्य उच्च शिक्षा के क्षेत्रों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर अवसर और सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि दूरदराज के गांवों से शहर में पढ़ाई के लिए आने वाली छात्राओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक आवास बेहद जरूरी है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए हॉस्टल ब्लॉक की पहली मंजिल तैयार की गई है, जिससे छात्राओं को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह सुविधा केवल सरकारी कॉलेज ऑफ एजुकेशन की छात्राओं तक सीमित नहीं रहेगी। जरूरत और निर्धारित नियमों के अनुसार बरजिंदरा कॉलेज, डाइट, बीएड, कृषि और आईटी संस्थानों में पढ़ने वाली छात्राएं भी इसका लाभ ले सकेंगी। सेखों ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास कार्य केवल नींव पत्थर रखने तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें समय पर पूरा कर जनता को समर्पित किया जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर आवास, बुनियादी ढांचा और सुविधाएं मिलने से विद्यार्थी अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। इस अवसर पर मार्केट कमेटी फरीदकोट के चेयरमैन अमनदीप सिंह बाबा, प्रिंसिपल राजेश मोहन, ब्लॉक समिति चेयरमैन सरबजीत सिंह बराड़, रणजीत सिंह, बीरेंद्र सिंह, अमरजीत सिंह परमार सहित अन्य उपस्थित रहे।