बेहतर भविष्य की तलाश में कनाडा गए गांव भदास के युवक मनप्रीत सिंह ने वहां पढ़ाई पूरी करने के बाद पुलिस सेवा में भर्ती होकर अपने सपने को साकार किया है। मनप्रीत सिंह की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ गांववासियों में भी खुशी का माहौल है। गांव भदास के सरपंच निशान सिंह बलियाणियां ने बताया कि मनप्रीत सिंह पुत्र सुखजिंदर सिंह ने कनाडा में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद मिनिस्ट्री ऑफ सॉलिसिटर जनरल के अधीन कोरी करेक्शनल एवं पैरोल अधिकारी के पद पर नियुक्ति हासिल की है। सरपंच ने कहा कि मनप्रीत सिंह की यह उपलब्धि परिवार के लिए गर्व का विषय है। साथ ही, यह पूरे गांव और क्षेत्र के लिए भी सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि मनप्रीत ने मेहनत और लगन के बल पर विदेश में अपने करियर को नई दिशा दी और अपने लक्ष्य को हासिल किया। मनप्रीत सिंह की नियुक्ति की खबर मिलने के बाद गांव में खुशी का माहौल है और ग्रामीणों की ओर से परिवार को बधाइयां दी जा रही हैं।