फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिविल अस्पताल से जेल गारद को चकमा देकर हेरोइन तस्कर फरार

सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती एक हेरोइन तस्कर जेल गारद को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी को पांव में डली रॉड निकलवाने के लिए जेल प्रशासन की ओर से अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी 21 किलो हेरोइन की बरामदगी के मामले में गिरफ्तार हुआ था और केंद्रीय जेल फिरोजपुर में बंद था। जानकारी के अनुसार फरार आरोपी की पहचान रमनदीप सिंह उर्फ रम्मी पुत्र प्रेम सिंह निवासी वार्ड नंबर तीन, मल्लांवाला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 12 सितंबर 2026 को 21 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद से वह केंद्रीय जेल फिरोजपुर में बंद था। आरोपी के पांव में रॉड डली हुई थी, जिसके कारण उसे चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी। इसी के चलते जेल प्रशासन ने 6 नवंबर को उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया था। वह अस्पताल के कैदी वार्ड में दाखिल था, जहां 24 घंटे जेल गारद की तैनाती रहती है। बताया जा रहा है कि वीरवार सुबह करीब सात से साढ़े सात बजे के बीच आरोपी जेल गारद को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर विभिन्न स्थानों पर पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया। समाचार लिखे जाने तक फरार आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। आरोपी के पांव में रॉड लगी होने और चलने-फिरने में परेशानी होने के बावजूद उसके फरार होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि फरार होने में उसे किसी ने मदद की होगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें