मिलावटखोरी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने तलवंडी भाई क्षेत्र में अचानक चेकिंग की। जिला स्वास्थ्य अधिकारी सुखबीर कौर के निर्देशों पर फूड सेफ्टी अफसर अभिनव कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान संदिग्ध पनीर, बिना पैकिंग व लेबलिंग वाली गच्चक तथा संदिग्ध रंग बरामद किया गया। चेकिंग के दौरान तरनतारन से आ रही एक गाड़ी से 25 किलो पनीर बरामद हुआ। विभाग के अनुसार इसी वाहन/विक्रेता से पहले भी करीब 140 किलो संदिग्ध पनीर को लेकर कार्रवाई की जा चुकी थी। इस दौरान पनीर की स्टोरेज और हैंडलिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर 25 किलो पनीर मौके पर नष्ट करवाया गया। इसके अलावा मोगा से आ रही भगवान दास की गाड़ी की जांच में करीब 225 किलो गच्चक मिली, जो उचित पैकिंग और लेबलिंग के बिना बिक्री के लिए रखी गई थी। गच्चक पर निर्माण तिथि और बेस्ट बिफोर की जानकारी भी स्पष्ट नहीं थी। विभाग ने पूरी 225 किलो गच्चक नष्ट करवा दी। जांच के दौरान मटरों में इस्तेमाल किया जाने वाला करीब 20 किलो संदिग्ध/अनधिकृत रंग भी बरामद हुआ, जिसे मौके पर नष्ट करवाया गया। कार्रवाई में फूड सेफ्टी अफसर अभिनव कुमार के साथ शिवा मिड्डा, गुरिंदर संधू और मनीष शुक्ला शामिल रहे। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को पैकिंग, लेबलिंग, स्वच्छता और स्टोरेज संबंधी नियमों का पालन करने की हिदायत दी।