फिरोजपुर के विधानसभा हलका जीरा में मोहाली धरने से लौटे किसान जत्थेबंदियों के नेताओं ने दावा किया कि पंजाब सरकार ने उनकी आठ प्रमुख मांगों में से सात मांगें मान ली हैं। किसानों ने कहा कि आठवीं मांग को लेकर भी सरकार ने सकारात्मक रुख अपनाया है और कुछ औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इसे भी मंजूरी दे दी जाएगी। किसान नेताओं के अनुसार, सरकार की ओर से उनकी मांगों को लेकर लिखित में आश्वासन दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा चलाया गया संघर्ष सफल रहा है और सरकार ने उनकी जायज मांगों को गंभीरता से लेते हुए समाधान का भरोसा दिया है। जीरा पहुंचने पर किसानों ने अपने साथियों और समर्थकों के साथ इस संबंध में जानकारी साझा की तथा संघर्ष में सहयोग देने वाले लोगों का धन्यवाद किया।