फूड सेफ्टी विभाग की ओर से प्राप्त शिकायतों के आधार पर शहर में बर्गर किंग और केएफसी की किचनों की विशेष जांच की गई। इस दौरान खाद्य पदार्थ तैयार करने वाली जगहों पर साफ-सफाई, स्वच्छता और सैनिटरी प्रबंधों की बारीकी से जांच की गई। जांच में दोनों प्रतिष्ठानों में नियमों से जुड़ी खामियां सामने आने पर विभाग की ओर से कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया है। फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर अभिनव कुमार ने बताया कि विभागीय जांच के दौरान बर्गर किंग की किचन में सफाई और हाइजीन संबंधी कमियां पाई गईं। इस पर संबंधित प्रबंधन को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 और इसके तहत बनाए गए नियमों के अनुसार कमियां दूर करने के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। वहीं, केएफसी की किचन में सफाई और सैनिटरी व्यवस्था से संबंधित उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान का हाइजीन संबंधी चालान काटा गया। विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों के प्रबंधकों को निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थ तैयार करने के लिए साफ-सुथरे कच्चे माल का इस्तेमाल किया जाए। किचन और उपकरणों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ खाद्य सामग्री को निर्धारित तापमान पर रखा जाए। इसके अलावा कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता के नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। फूड सेफ्टी विभाग ने स्पष्ट किया कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।