कपूरथला के मोहल्ला मेहताबगढ़ में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। परिजन घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला लेकर पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्ष अस्पताल में ही फिर एक-दूसरे से उलझ गए और हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख ड्यूटी डॉक्टर ने पुलिस को सूचना दी। उपचाराधीन हरजिंदर सिंह और गुरदीप सिंह निवासी मोहल्ला मेहताबगढ़ ने आरोप लगाया कि वे जागरण के लिए उगराही करके वापस आ रहे थे। इसी दौरान निशांत सिंह ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की और उन पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। वहीं, दूसरी तरफ निशांत सिंह ने भी हरजिंदर सिंह और गुरदेव सिंह पर मारपीट करने के कथित आरोप लगाए। दोनों पक्ष उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन वहां भी उनके बीच विवाद बढ़ गया और हंगामा होने लगा। अस्पताल में हंगामा होता देख ड्यूटी डॉक्टर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीसीआर इंचार्ज रणजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने बताया कि मामले की सूचना थाना सिटी कपूरथला पुलिस को दे दी गई है। ड्यूटी डॉक्टर जश्न ने बताया कि दोनों पक्षों की एमएलआर काटकर थाना सिटी कपूरथला को भेज दी गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।