कोटकपूरा शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और शरारती तत्वों पर नजर रखने के उद्देश्य से पंजाब सरकार की ओर से शहर के विभिन्न प्रमुख चौकों, बाजारों और एंट्री प्वाइंटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इस कार्य की शुरुआत बुधवार शाम को ढोढा चौक में विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने औपचारिक रूप से करवाई। इस परियोजना के तहत शहर के करीब 40 प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। शहर के व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग को पूरा करते हुए स्पीकर संधवां ने कैमरे लगाने के कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बातचीत करते हुए कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से कोटकपूरा शहर के सर्वपक्षीय विकास के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जा रही। शहर में सीसीटीवी कैमरे लगने से सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा शरारती तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा सकेगी। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख चौकों और प्रवेश मार्गों पर कैमरे लगाए जाने से पुलिस को आपराधिक घटनाओं की जांच करने और उनमें शामिल मुल्जिमों को पकड़ने में काफी मदद मिलेगी। किसी भी अप्रिय घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज महत्वपूर्ण सबूत के रूप में भी सहायक साबित होगी। इस मौके पर शहरवासियों ने सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग पूरी करने के लिए विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां का धन्यवाद किया।