फरीदकोट के ऐतिहासिक गुरुद्वारा टिल्ला बाबा फरीद में शनिवार को श्री सुखमणि साहिब जी के पाठ के भोग के साथ पांच दिवसीय बाबा फरीद आगमन पर्व की रस्मी तौर पर शुरुआत की गई। बाबा फरीद धार्मिक एवं शैक्षिक संस्थाओं के अध्यक्ष सिमरजीत सिंह सेखों की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विधायक गुरदित सिंह सेखों, डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा सहित कई गणमान्य लोगों ने शिरकत की। पाठ के भोग के उपरांत अरदास की गई। इस अवसर पर बाबा फरीद संस्थाओं की तरफ से विधायक गुरदित सिंह सेखों और डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा को सिरोपा देकर सम्मानित किया गया। डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा ने बताया कि आगमन पर्व के दौरान जिला प्रशासन की तरफ से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करवाए जा रहे हैं। गुरुद्वारा तिल बाबा फरीद और गुरुद्वारा गोदड़ी साहिब में भी धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। विधायक गुरदित सिंह सेखों ने सभी को आगमन पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि नई अनाज मंडी में क्राफ्ट मेला 28 सितंबर तक चलेगा, जबकि 21 से 23 सितंबर तक पशुधन मेले का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न नस्लों के पशुओं के मुकाबले करवाए जाएंगे। बाबा फरीद सोसायटी के अध्यक्ष सिमरजीत सिंह सेखों ने सभी का आभार व्यक्त किया।