मानसा में नशा विरोधी सामाजिक कार्यकर्ता परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में बुधवार को फरीदकोट में किसान संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के युद्ध नशों के विरुद्ध अभियान के पोस्टर फाड़े और सरकार व नशा तस्करों के खिलाफ नारेबाजी की। भारतीय किसान यूनियन फतेह के प्रदेश अध्यक्ष शरणजीत सिंह सरां और मिसल सतलुज के जिला अध्यक्ष रनपिंदर सिंह गोल्डी ने आरोप लगाया कि सरकार हत्या को निजी रंजिश का मामला बता रही है, जबकि झोटा नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठा रहे थे और युवाओं को नशे से बचाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। नेताओं ने कहा कि वे झोटा के परिवार के साथ खड़े हैं और नशे के खिलाफ संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने दुकानदारों, स्कूलों और सरकारी दफ्तरों के कर्मचारियों से 15 अक्टूबर वीरवार को प्रस्तावित पंजाब बंद के आह्वान का समर्थन करने की अपील की है।