फिरोजपुर के सीमावर्ती गांव गट्टी रहीमेके के आम आदमी पार्टी के सरपंच हरमेश सिंह ने अपनी ही सरकार के साथ-साथ कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए चारों राजनीतिक दलों की पोल खोल दी। सरपंच ने आरोप लगाया कि देश के बंटवारे के बाद से हुसैनीवाला बॉर्डर से सटे 17 गांव विकास की बाट जोह रहे हैं। इन गांवों में आज तक बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हो पाई हैं। यहां न तो बैंक हैं, न पोस्ट ऑफिस और न ही अन्य जरूरी सरकारी सुविधाएं। गांवों को जोड़ने वाली सड़कों की हालत भी बेहद खराब है। सरपंच ने कहा कि गांवों के विकास के लिए पर्याप्त ग्रांट तक नहीं दी गई। उन्होंने बीडीपीओ कार्यालय के अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए। हरमेश सिंह ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें सरपंच बने दो साल हो चुके हैं और सरकार का पांच साल का कार्यकाल भी पूरा होने वाला है। वह इस उम्मीद के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे कि सीमावर्ती गांवों की तस्वीर बदलेंगे और लोगों की समस्याओं का समाधान करवाएंगे। लेकिन अफसोस कि वह ऐसा कुछ नहीं कर पाए। आज ग्रामीण उनसे सवाल करते हैं, मगर उनके पास लोगों को जवाब देने के लिए कुछ भी नहीं है।