पवित्र नगरी अमृतसर के ऐतिहासिक श्री दुर्ग्याणा तीर्थ स्थित बड़ा हनुमान मंदिर में शारदीय नवरात्र के पहले दिन विश्व प्रसिद्ध दस दिवसीय लंगूर मेले की शुरुआत हो गई। माता शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुए मेले में हजारों श्रद्धालु अपने बच्चों को लंगूर का रूप धारण करवाकर दर्शन के लिए पहुंचे। लाल रंग की विशेष वेशभूषा पहने बच्चों और उनके परिवारों की मौजूदगी से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। इस अनूठी धार्मिक परंपरा में शामिल होने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु अमृतसर पहुंचते हैं।