सीमावर्ती गांव जट्टा में घर पर हुए ग्रेनेड हमले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो मुख्य आरोपियों जगरूप सिंह और विश्वासप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों को अदालत ने पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। अमृतसर बॉर्डर रेंज के डीआईजी एवं पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि हमले के पीछे सरपंची चुनाव को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश और पैसों का लालच सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कथित तौर पर एक लाख रुपये में हमला करने की हामी भरी थी, लेकिन उन्हें करीब 30 हजार रुपये ही मिले। जांच में सामने आया कि उन्होंने इंटरनेट और यू-ट्यूब के माध्यम से ग्रेनेड के इस्तेमाल की जानकारी हासिल की थी। पुलिस को आशंका है कि ग्रेनेड पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजे गए थे। अब ड्रोन की ड्रॉपिंग और ग्रेनेड आरोपियों तक पहुंचाने वाले नेटवर्क की जांच की जा रही है। मामले में भूपिंदर कौर को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसकी बहन किरणदीप कौर की तलाश जारी है। विदेश में बैठे ‘सैंडी’ नामक व्यक्ति की भूमिका भी जांची जा रही है। वहीं, अलग मामले में पुलिस ने 10 किलो हेरोइन, पिस्तौल और अवैध मोटरसाइकिल बरामद कर साजन रोड़ा, विजयपाल सिंह और जशनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। डीआईजी ने कहा कि पूरे नेटवर्क को तोड़ा जाएगा और जल्द और गिरफ्तारियां होंगी।