अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास ड्रोन दिखाई देने की सूचना से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से ड्रोन देखे जाने की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एयरपोर्ट के आसपास ड्रोन दिखाई देने की सूचना मिली थी। इसके बाद संबंधित टीमों को अलर्ट किया गया और ड्रोन की गतिविधि को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ड्रोन कहां से आया और इसे कौन संचालित कर रहा था। एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील क्षेत्र के आसपास ड्रोन की मौजूदगी को सुरक्षा के लिहाज से गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि ड्रोन से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या सुरक्षा एजेंसियों को दें।