श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने सिख कौम और समाज को आपसी एकता बनाए रखने तथा गुरमत के अनुसार जीवन व्यतीत करने का संदेश दिया। वह आज तेजा सिंह समुंदरी हॉल पहुंचे, जहां बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि गुरु ही सभी का सहारा हैं। इसलिए आपसी मतभेद और दुविधाएं दूर कर एक-दूसरे के साथ मिलकर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब के बताए मार्ग और गुरबाणी के सिद्धांतों के अनुसार जीवन जीते हुए आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करना जरूरी है। सभी को एक-दूसरे का साथ देकर पंथ की चढ़दी कला के लिए निरंतर मिल-जुलकर कार्य करना चाहिए। पंथ और धार्मिक संस्थाओं को कमजोर करने के कथित प्रयासों तथा बाहरी ताकतों की गतिविधियों पर उन्होंने कहा कि ऐसी ताकतों को समझ लेना चाहिए कि सिख कौम गुरु के आसरे और एकता के बल पर हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है। उन्होंने सभी से एकजुट होकर कौम की मजबूती के लिए काम करने की अपील की।