बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर श्री हरिमंदिर साहिब स्थित गुरुद्वारा मंजी साहिब दीवान हाल में चल रहे श्री अखंड पाठ साहिब के भोग शनिवार को डाले गए। इसके बाद संगत की ओर से बंदी सिंहों की जल्द रिहाई के लिए विशेष अरदास की गई। अरदास के उपरांत एसजीपीसी के पदाधिकारियों ने संगत को संबोधित करते हुए बंदी सिंहों की रिहाई का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि अपनी सजा पूरी कर चुके बंदी सिंहों को लंबे समय तक जेलों में रखना न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है। पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार से मामले में उचित कार्रवाई करते हुए बंदी सिंहों की जल्द रिहाई सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और सिख संगत मौजूद रही। गुरुद्वारा परिसर में बंदी सिंहों की रिहाई को लेकर धार्मिक और भावनात्मक माहौल देखने को मिला।