नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने बुधवार सुबह थाना सी डिवीजन के गूजरपुरा इलाके में व्यापक कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने सुबह करीब पांच बजे इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच शुरू की। ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने नशे से संबंधित एनडीपीएस एक्ट के तहत दो एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई का उद्देश्य इलाके में नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के साथ-साथ आपराधिक गतिविधियों में शामिल संदिग्ध लोगों की पहचान करना था। डीसीपी स्थानीय अमृतसर आकरशी जैन ने बताया कि पुलिस टीमों ने इलाके में घरों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की जांच की। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और वेरिफिकेशन की गई। ऐसे वाहनों की भी बारीकी से जांच की गई, जिनके आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल होने की आशंका थी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान मिली संदिग्ध गतिविधियों और नशीले पदार्थों से संबंधित मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की टीमें इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, शहर में नशे की सप्लाई और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के सर्च और चेकिंग ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य नशे को रोकने के साथ युवाओं को इससे दूर रखना और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है।