स्वास्थ्य विभाग की ओर से अमृतसर जिले में पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान का शुभारंभ किया गया। जंडियाला में सिविल सर्जन डॉ. भारती धवन ने टीकाकरण बूथ पर नन्हे बच्चों को पोलियो की दो बूंदें पिलाकर अभियान की शुरुआत की। डॉ. भारती धवन ने कहा कि भारत पोलियो मुक्त देश घोषित हो चुका है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए निरंतर सतर्कता और नियमित टीकाकरण जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि अभियान के दौरान शून्य से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंदें जरूर पिलाएं, भले ही बच्चे को पहले भी पोलियो की खुराक दी जा चुकी हो।