शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की एग्जीक्यूटिव सदस्य बीबी हरजिंदर कौर ने एसजीपीसी के अधीन चल रहे स्कूलों और कॉलेजों की कार्यप्रणाली और उनमें किए जा रहे सुधारों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रिंसिपलों से बातचीत के बाद उन्हें संतोष हुआ कि संस्थानों में बेहतर तरीके से काम किया जा रहा है। बीबी हरजिंदर कौर ने कहा कि एसजीपीसी अध्यक्ष के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। पिछले कुछ वर्षों में शिक्षा का बजट करीब 100 करोड़ रुपये से बढ़कर 260 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसमें विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, कंप्यूटर लैब, स्मार्ट रूम और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ कर्मचारियों की भलाई के लिए भी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के लिए छठे वेतन आयोग को लागू करना भी महत्वपूर्ण फैसला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग निजी स्वार्थों और आगामी चुनावों को देखते हुए एसजीपीसी अध्यक्ष की छवि खराब करने के लिए व्यक्तिगत और राजनीतिक आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने ऐसी बयानबाजी की निंदा करते हुए कहा कि पंथक संस्थाओं को कमजोर करने वाले व्यक्तिगत हमले सिख समुदाय के हित में नहीं हैं। बीबी हरजिंदर कौर ने सिख समाज से अपील की कि पंथक संस्थाओं को राजनीति से ऊपर रखते हुए व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मिलकर प्रयास किए जाएं।