भंडारी पुल पर सोमवार को दलित समाज के विभिन्न संगठनों ने दो अलग-अलग मामलों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान पीड़ित महिलाओं प्रेम कौर और उषा ने न्याय की मांग को लेकर भूख हड़ताल शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और प्रशासन पर मामलों में उचित कार्रवाई न करने के आरोप लगाए। संगठन नेता शबीर द्रविड़ ने कहा कि दोनों महिलाएं लंबे समय से प्रशासन से न्याय की मांग कर रही हैं, लेकिन सुनवाई न होने के कारण उन्हें भूख हड़ताल पर बैठना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मामलों का समाधान नहीं हुआ और कथित झूठे मामले रद्द नहीं किए गए तो पंजाब भर के संगठनों को साथ लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। ऑल इंडिया शेड्यूल्ड कास्ट फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश कुमार जग्गू ने आरोप लगाया कि प्रेम कौर की पोती को एक हत्या के मामले में फंसाया गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दावा किया कि उनके पास एक रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। वहीं, महिला विंग पंजाब की अध्यक्ष सिमरनजीत कौर ने कथित हमलों और पुलिस कार्रवाई न होने का मुद्दा उठाया। प्रेम कौर ने परिवार के साथ मारपीट के बावजूद पोती को जेल भेजने का आरोप लगाया।