फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीधी: संजय टाइगर रिजर्व में पेड़ पर चढ़ने की कोशिश करता दिखा बाघ त्रिशूल, सफारी के दौरान रोमांचित हुए पर्यटक

Fri, 16 Oct 2026 05:47 PM IST
सीधी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीधी

मध्य प्रदेश के सीधी जिले के आदिवासी अंचल में स्थित संजय टाइगर रिजर्व में वन्यजीव प्रेमियों को एक बार फिर रोमांचक नजारा देखने को मिला। यहां सफारी के दौरान मेल टाइगर त्रिशूल एक पेड़ पर चढ़ने का प्रयास करता दिखाई दिया। बाघ की इस गतिविधि को देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे। इस दौरान त्रिशूल काफी देर तक पेड़ के आसपास मौजूद रहा और पेड़ पर चढ़ने की कोशिश करता नजर आया। बाघ की इस अनोखी गतिविधि का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

जानकारी के मुताबिक, संजय टाइगर रिजर्व में एक अक्टूबर से सफारी दोबारा शुरू की गई थी। इसके बाद त्रिशूल को पर्यटकों द्वारा देखे जाने का यह खास मौका माना जा रहा है। त्रिशूल को शांत स्वभाव का बाघ बताया जाता है, जो आमतौर पर घने जंगलों में रहना पसंद करता है। वह पर्यटकों और वाहनों से दूरी बनाए रखता है, जिसके चलते उसे सफारी के दौरान अक्सर देख पाना आसान नहीं होता। यही वजह है कि इस बार उसका खुले स्थान पर दिखाई देना पर्यटकों के लिए खास अनुभव बन गया।

ये भी पढ़ें- त्विषा शर्मा केस: 20 मिनट में नहीं हो पाती पूरी बात, गिरिबाला के वकीलों ने मांगा ज्यादा समय; 16 को अहम सुनवाई

गुरुवार की इवनिंग सफारी में दिखा त्रिशूल
संजय टाइगर रिजर्व के डीएफओ राजेश कन्ना टी ने बताया कि इस वर्ष सफारी शुरू होने के बाद से ही पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। कई पर्यटक पहले से ही ऑनलाइन बुकिंग कराकर जंगल सफारी का आनंद लेने आते हैं। शुक्रवार सुबह वायरल हुआ वीडियो गुरुवार की इवनिंग सफारी के दौरान बनाया गया था, जब पर्यटकों को त्रिशूल दिखाई दिया।

संजय टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के दौरान बाघों के अलावा अन्य वन्यजीवों को देखने का अवसर भी मिलता है। घने साल और बांस के जंगल, प्राकृतिक जलस्रोत तथा विविध वन्यजीव इस क्षेत्र को खास बनाते हैं। त्रिशूल का यह वीडियो जंगल के भीतर वन्यजीवों की स्वाभाविक गतिविधियों को करीब से देखने का एक रोमांचक उदाहरण है।

संजय टाइगर रिजर्व में कौन-कौन से वन्यजीव हैं?
संजय-दुबरी टाइगर रिजर्व सीधी जिले के प्रमुख वन्यजीव क्षेत्रों में शामिल है। यहां बाघ के अलावा तेंदुआ, स्लॉथ भालू, चीतल, नीलगाय, चिंकारा, सांभर, चौसिंगा, बार्किंग डियर, जंगली सूअर, जंगली कुत्ता (धोल), लकड़बग्घा, सियार, लोमड़ी, भेड़िया, जंगली बिल्ली और साही जैसे वन्यजीव पाए जाते हैं। यहां अजगर सहित सरीसृपों और अनेक पक्षी प्रजातियों की भी मौजूदगी है। वन विभाग की उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस क्षेत्र में 32 स्तनधारी, 152 पक्षी, 11 सरीसृप, 3 उभयचर और मीठे पानी की मछलियों की 34 प्रजातियां दर्ज हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें