फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहडोल: एसईसीएल अमलाई ओपन कास्ट माइंस में कर्मचारियों का गुस्सा फूटा, पंचर क्रेन से काम कराने पर उठाए सवाल

Tue, 10 Nov 2026 03:17 PM IST
शहडोल ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल

एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र की अमलाई ओपन कास्ट माइंस में कर्मचारियों का आक्रोश सामने आया है। खदान में मूलभूत सुविधाओं की कमी और प्रबंधन की कथित मनमानी से नाराज सैकड़ों कर्मचारी एकजुट होकर अपनी समस्याओं को लेकर लामबंद हुए। कर्मचारियों ने प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कोयला उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बावजूद उन्हें कार्यस्थल पर जरूरी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। कर्मचारियों ने पेयजल संकट से लेकर खराब मशीनों के जरिए काम कराए जाने तक की शिकायतें उठाईं।

पंचर क्रेन से काम कराने का आरोप
कर्मचारियों का कहना है कि खदान में व्यवस्थाओं की अनदेखी की जा रही है। हालात यह हैं कि पंचर क्रेन से काम कराए जाने की बात सामने आई है। वहीं पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भी कर्मचारियों को परेशान होना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि उत्पादन की जिम्मेदारी निभाने वाले श्रमिकों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर प्रबंधन गंभीरता नहीं दिखा रहा है। कर्मचारियों ने इन व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है।

ये भी पढ़ें: बैतूल में है दुनिया का इकलौता सूर्य परिवार मंदिर: एक ही परिसर में विराजे यमराज-शनिदेव और मां यमुना-ताप्ती

संडे और पीएचडी व्यवस्था में भेदभाव का आरोप
कर्मचारियों ने संडे और पीएचडी से जुड़ी सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं में भी कथित भेदभाव का मुद्दा उठाया। उनका आरोप है कि उनकी समस्याओं और जायज मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि कुछ नेताओं की सिफारिशों को प्राथमिकता दी जाती है। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि अपनी समस्याएं उठाने पर समाधान करने के बजाय तबादले की धमकी दी जाती है। इससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।

प्रबंधन की कार्यशैली पर उठाए सवाल
कर्मचारियों ने मांग की है कि खदान में पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त कराई जाएं और मशीनों की स्थिति में सुधार किया जाए। साथ ही संडे और पीएचडी से संबंधित व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बरती जाए। कर्मचारियों के इस विरोध ने एसईसीएल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रबंधन कर्मचारियों की शिकायतों पर क्या कदम उठाता है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें