सीहोर जिले के बुधनी में पति-पत्नी और उनके जवान बेटे की बेरहमी से हत्या का पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया। करीब दो लाख रुपये के कर्ज से पीछा छुड़ाने के लिए दो आरोपियों ने एक ही परिवार के तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद सबूत मिटाने के लिए मृतक का मोबाइल तक टॉयलेट में डाल दिया। पुलिस ने इस तिहरे हत्याकांड के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले मृतकों के घर में उनके साथ बैठकर चाय पी और फिर साथ लेकर आए कुल्हाड़ी से उन्हें काट दिया।
घर के भीतर खून से सना मिला पूरा परिवार
बुधनी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 स्थित कोरी मोहल्ले में 18 नवंबर बुधवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई थी, जब मीणा परिवार के घर के भीतर तीन लोगों के शव मिले। मृतकों की पहचान राकेश मीणा (47), पत्नी राधा मीणा (45) और बेटे अश्विन मीणा (18) के रूप में हुई। तीनों की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या की गई थी। एक आरोपी ने हाथ पकड़े और दूसरे ने कुल्हाड़ी से प्रहार किए थे। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले थे।
पढे़ं: रोटी देने की बात पर पिता से भिड़ा बेटा, लकड़ी के फाचरे से पीटकर कर दी हत्या; सिर-मुंह पर किए चार-पांच वार
बकरियों की आवाज से खुला खौफनाक हत्याकांड
घटना का खुलासा सुबह करीब 7:55 बजे हुआ। पड़ोस में रहने वाला हेमराज मेहरा घर के बाहर मंजन कर रहा था, तभी राकेश के घर से बकरियों के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। पड़ोसी नेहा कुशवाह के कहने पर जब वह भीतर पहुंचा तो गैलरी में खून फैला हुआ था। अंदर तीनों के शव देखकर उसके होश उड़ गए। तत्काल डॉयल-112 पर सूचना दी गई।
पांच टीमों ने जुटाए सुराग, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की मदद
सूचना मिलते ही एसडीओपी रवि शर्मा और थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील ठाकुर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले में प्रकरण दर्ज किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने घटनास्थल का निरीक्षण कर विशेष टीमों का गठन किया। फॉरेंसिक, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वायड ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
उधारी बनी तीन हत्याओं की वजह
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के मुताबिक, विवेचना में सामने आया कि मुख्य आरोपी जगदीश ने मृतक राकेश से करीब दो लाख रुपये उधार लिए थे। इस रकम पर ब्याज भी बढ़ता जा रहा था। बताया गया कि कर्ज चुकाने तक उसकी फसल में से भी हिस्सा लेने की बात थी। इसी आर्थिक विवाद से छुटकारा पाने के लिए जगदीश ने अपने साथी अनिल के साथ मिलकर पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी 16 नवंबर की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच राकेश के घर पहुंचे। बातचीत के बहाने दरवाजा खुलवाया और अपने साथ लाए कुल्हाड़ी से राकेश, राधा और अश्विन के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। तीनों की हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के इरादे से मृतक का मोबाइल टॉयलेट में डालकर पानी बहा दिया।
यारनगर और खांडाबड़ के दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में जगदीश पिता अकलसिंह भिलाला (40), निवासी यारनगर और अनिल पिता अमनसिंह भिलाला (20), निवासी खांडाबड़ को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी जब्त की गई है। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन तथा एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे और एसडीओपी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में बुधनी पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई। महज 36 घंटे में तीन हत्याओं के पीछे की साजिश उजागर होने से जांच टीम को बड़ी सफलता मिली है।