सतना जिले के सरदार वल्लभभाई पटेल जिला चिकित्सालय से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां गुरुवार सुबह मेटरनिटी विंग के नजदीक रखे डस्टबिन में लगभग 1.7 किलो वजन का एक मृत भ्रूण मिलने से अस्पताल प्रबंधन और महकमे में खलबली मच गई। घटना की सूचना फैलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर हुआ चौंकाने वाला पर्दाफाश
अस्पताल के प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात तकरीब डेढ़ बजे मेटरनिटी वार्ड के पास रखे डस्टबिन में किसी संदिग्ध द्वारा कुछ डाले जाने की बात सामने आई है। सुबह के समय जब साफ-सफाई का कार्य चल रहा था, तब इस भ्रूण पर नजर पड़ी। इसके तुरंत बाद जब अस्पताल के सुरक्षा कैमरों की फुटेज की जांच की गई, तो एक महिला अपने चेहरे को ढंके हुए डस्टबिन के पास पहुंचती और उसमें कोई वस्तु डालती हुई स्पष्ट रूप से दिखाई दी। दूसरे कैमरे के एंगल में उसका चेहरा भी साफ तौर पर नजर आ गया।
ये भी पढ़ें- ड्यूटी से लौटे हेड कॉन्स्टेबल की अचानक हुआ सीने में दर्द, अस्पताल में दम तोड़ा
पन्ना की महिला पर गहराया शक, गर्भधारण की अवधि पर उठे सवाल
पड़ताल के दौरान यह बात सामने आई कि पन्ना जिले की रहने वाली एक महिला को बुधवार की देर रात गर्भपात होने की बात कहकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. हर्षा भटीजा द्वारा जब उपचार के क्रम में प्रसूता की फंसी हुई नाल को बाहर निकाला गया, तो भ्रूण के आकार-प्रकार को देखकर डॉक्टरों को उसकी गर्भावधि पर गहरा संदेह हुआ, क्योंकि परिजनों ने गर्भावस्था की अवधि महज तीन महीने की बताई थी। जब इसी आधार पर सीसीटीवी फुटेज में कैद महिला से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने उस भ्रूण पर अपना हक होने या उससे किसी भी तरह का संबंध होने से साफ इनकार कर दिया।
अब डीएनए टेस्ट के जरिए सामने आएगी सच्चाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह ने उच्चस्तरीय जांच के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत आरएमओ डॉ. अभिनव चौरसिया और असिस्टेंट मैनेजर डॉ. धीरेन्द्र वर्मा की देखरेख में भ्रूण को सुरक्षित रूप से मॉर्च्यूरी के डीप फ्रीजर में रखवा दिया गया है। अस्पताल प्रशासन अब सीसीटीवी फुटेज में दिखने वाली महिला का डीएनए सैंपल लेकर इस भ्रूण से उसका मिलान कराने की पुख्ता प्रक्रिया में जुटा हुआ है। चिकित्सा अधिकारियों का कहना है कि डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही इस पूरे रहस्य से पर्दा उठ सकेगा कि यह भ्रूण असल में किसका है।