जबलपुर जिले में बुधवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में पुलिस आरक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई। बरेला थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप ने ड्यूटी पर जा रहे पुलिस आरक्षक को टक्कर मार दी। वहीं, भेड़ाघाट चौराहे पर रेत से भरे तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार हाईवा में फंसकर करीब 20 मीटर तक घिसटता रहा। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
ड्यूटी पर जा रहे आरक्षक को पिकअप ने मारी टक्कर
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल के अनुसार, सिविल लाइन थाने में पदस्थ आरक्षक अनिल मरावी बाइक से बरेला की ओर से ड्यूटी ज्वाइन करने आ रहे थे। इसी दौरान बरेला रोड स्थित कान्हा ढाबे के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आरक्षक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- त्विषा शर्मा केस: पूर्व न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को झटका, हाईकोर्ट ने जमानत याचिका कर दी खारिज
घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
हाईवा में फंसकर 20 मीटर तक घिसटा बाइक सवार
दूसरी घटना बुधवार सुबह भेड़ाघाट चौराहे पर हुई। टीआई कमलेश चौरिया के मुताबिक, ग्राम सिहोदा निवासी 50 वर्षीय सुखदेव केवट बाइक से भेड़ाघाट चौराहे से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार रेत से भरे हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद सुखदेव बाइक समेत हाईवा में फंस गए और करीब 20 मीटर तक घिसटते चले गए। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने हाईवा जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। दोनों घटनाओं में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।