दमोह देहात थाना क्षेत्र के सीतानगर सिंचाई परियोजना डैम में रविवार दोपहर नहाते समय दो युवक पानी में डूब गए। दोनों के काफी देर तक बाहर नहीं आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युवकों का पता नहीं चलने पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। फिलहाल गोताखोरों की मदद से डेम में दोनों युवकों की तलाश की जा रही है, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिला।
नहाते समय गहराई में चले गए दोनों युवक
जानकारी के अनुसार सीतानगर निवासी दिनेश पटेल, पिता रामा पटेल, अपने रिश्तेदार देवेंद्र पटेल निवासी लुकायन के साथ रविवार को सीतानगर डेम पर नहाने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि नहाते समय दोनों युवक पानी की गहराई वाले हिस्से में चले गए और डूब गए। सीतानगर निवासी रोहित बरोलिया ने बताया कि दोनों युवक बांध पर नहाने गए थे। इसी दौरान एक युवक का पैर फिसल गया। उसे बचाने के लिए दूसरा युवक भी पानी में कूद गया। तेज बहाव के कारण दोनों युवक पानी में डूब गए और इसके बाद दिखाई नहीं दिए।
ये भी पढ़ें- राहुल के कार्यक्रम में मिमिक्री पर सियासी संग्राम,BJP बोली-माफी मांगें; कांग्रेस ने कहा-विवाद खड़ा करना गलत
चार लोग पहुंचे थे नहाने, दो के डूबने की सूचना
बटियागढ़ थाना प्रभारी रजनी शुक्ला भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चार लोग डेम पर नहाने पहुंचे थे, जिनमें से दो युवकों के डूबने की सूचना मिली है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया गया और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई गई।
एसडीआरएफ ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान
एसडीआरएफ टीम प्रभारी प्राची दुबे ने बताया कि सीतानगर डैम में दो लोगों के डूबने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के बाद टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। टीम द्वारा रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिला है। मौके पर नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी और उनकी टीम मौजूद है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार डेम के पानी में युवकों की तलाश कर रही है। मौके पर दोनों युवकों के कपड़े भी मिले हैं। घटना की सूचना दोनों के परिजनों को दे दी गई है।
सरपंच ने पुलिस को दी घटना की सूचना
सीतानगर के सरपंच नरोत्तम पटेल और रामफल खंगार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। डेम में पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण तलाश अभियान में टीम को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।