देवदूत वानर सेना मानवता संरक्षण समिति का महासम्मेलन आगामी 22 नवंबर 2026 (रविवार) को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जूपिटर हॉल में आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों और देश के अन्य हिस्सों से संस्था के सदस्य, पदाधिकारी एवं समाजसेवी शामिल होंगे। संस्था के संस्थापक एवं संरक्षक अजीत प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है। प्रेसक्लब में जानकारी देते हुए संस्था की संयोजक सुनीत सचान ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान वर्ष 2020 में शुरू हुआ यह अभियान आज चिकित्सा सहायता, रक्त एवं प्लेटलेट्स उपलब्ध कराने, जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद, बेटियों के विवाह और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में सक्रिय है। महासम्मेलन में संस्था की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। साथ ही, सेवा कार्यों में योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया जाएगा और कुछ जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी।