तेलीबाग क्षेत्र में स्कूल बस की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की 10 दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने मुआवजे की मांग पूरी होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। पत्नी ने स्कूल प्रबंधन से एक करोड़ रुपये मुआवजे और अपने तीनों बच्चों के लिए नौकरी की मांग की है। बच्चों की फीस जमा करने जा रहे थे देवेंद्र बरौली निवासी देवेंद्र कुमार (45) ठेकेदारी का काम करते थे। उनके तीन बच्चे वृंदावन सेक्टर-9 स्थित एनकेएम स्कूल में पढ़ते हैं। परिजनों के मुताबिक, 14 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे देवेंद्र मोटरसाइकिल से बच्चों की स्कूल फीस जमा करने जा रहे थे। इसी दौरान वृंदावन सेक्टर-12 चौराहे के पास सामने से आ रही स्कूल बस ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।