मुख्यमंत्री सोमवार को डीएवी पीजी कॉलेज में गुरु नानक जयंती पर आयोजित प्रकाश गुरुपर्व कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उनके साथ मंत्री बलदेव सिंह औलख भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक देव जी के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुरु नानक देव जी के संदेश आज भी समाज को एकता और सद्भाव की राह दिखाते हैं। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए नाम जपने और कीर्तन करने से अज्ञानता दूर होती है। कीर्तन से समाज में एक शक्ति जागृत होती है। श्रद्धावान व्यक्ति को ही ज्ञान प्राप्त होता है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने नाम जपने यानी ईश्वर का स्मरण करने का संदेश दिया। उनके अनुसार, ईश्वर का नाम लेने और कीर्तन करने से व्यक्ति अज्ञानता से दूर होता है। मन में नास्तिकता का भाव उत्पन्न नहीं होता और श्रद्धा के माध्यम से ज्ञान की प्राप्ति होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह गुरु नानक देव जी के मंत्रों और सिद्धांतों को मानते हैं। उन्होंने लंगर की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि लोगों को एक साथ पंगत में बैठकर भोजन करते देखना समाज में समानता और एकता का संदेश देता है। यह परंपरा गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और उनके बताए रास्ते का अनुसरण करने की प्रेरणा देती है।