विक्रमादित्य मार्ग स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय के पास सपा नेता मो. इखलाक की ओर से युवाओं की राय जानने के लिए एक पोस्टर लगाया गया है। पोस्टर पर लगे QR कोड को स्कैन कर युवा वर्ष 2027 के लिए सरकार से अपनी अपेक्षाएं और प्राथमिकताएं बता सकते हैं। पोस्टर के मुताबिक, युवाओं से रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, सुरक्षा, महंगाई, टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप जैसे मुद्दों पर सुझाव मांगे जा रहे हैं। पोस्टर में कहा गया है कि युवाओं से मिलने वाले सुझावों को एकत्र कर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक पहुंचाया जाएगा। सपा की ओर से 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए युवाओं के बीच संवाद और उनकी प्राथमिकताओं को जानने की गतिविधियां पहले भी सामने आई हैं। पोस्टर लगाने वाले मो. इखलाक के मुताबिक, इसका उद्देश्य युवाओं की बात सीधे पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाना है, ताकि उनकी बताई प्राथमिकताओं को भविष्य की नीतियों और कार्यक्रमों की दिशा तय करने में शामिल किया जा सके।