महानगर स्थित रामलीला पार्क में असत्य पर सत्य की विजय का पर्व भव्य रूप से मनाया गया। श्री रामलीला समिति महानगर की ओर से आयोजित रावण दहन महोत्सव में बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ पहुंचे। भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूपों द्वारा अग्निबाण छोड़ते ही रावण और मेघनाथ के विशालकाय पुतले धू-धू कर जल उठे। पुतलों के दहन के दौरान आसमान रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगा उठा। आतिशबाजी का नजारा देखकर पार्क में मौजूद हजारों दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह जताया। पूरे परिसर में जय श्रीराम के जयघोष गूंजते रहे और माहौल भक्तिमय हो गया। रावण दहन महोत्सव को लेकर रामलीला पार्क को आकर्षक लाइटों और फूलों से सजाया गया था। आयोजन के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। शहरभर से पहुंचे लोगों ने इस सांस्कृतिक उत्सव का आनंद लिया। रावण और मेघनाथ के पुतलों के दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।