गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को हजरतगंज चौराहे पर लगी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर मंत्री, विधायक, सांसद, महापौर, विभिन्न दलों के नेता और वरिष्ठ नागरिक पहुंचे। सभी ने गांधी जी की प्रतिमा पर फूल-माला अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनकी जयंती मनाई। वहीं, शहर में गांधी जी की एक अन्य प्रतिमा आलमबाग चौराहे पर भी लगी है, लेकिन इसकी देखरेख को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांधी जयंती जैसे विशेष अवसर पर हजरतगंज की प्रतिमा पर जनप्रतिनिधियों और नेताओं की मौजूदगी दिखाई देती है, लेकिन आलमबाग स्थित प्रतिमा की सुध लेने वाला कोई नजर नहीं आता। लोगों का सवाल है कि जब गांधी जी की दोनों प्रतिमाएं शहर में लगी हैं तो क्या आलमबाग की प्रतिमा भी नियमित साफ-सफाई और रखरखाव की हकदार नहीं है? स्थानीय लोगों ने प्रतिमा की नियमित देखरेख और गांधी जयंती जैसे अवसरों पर यहां भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जरूरत बताई।