जानकीपुरम थाना क्षेत्र की नागेश्वर नाथ कॉलोनी में चोर सोलर कारोबारी शिवम मिश्रा के घर का ताला तोड़कर करीब 2.75 लाख रुपये नकदी और 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। परिवार के दो सितंबर को घर लौटने पर घटना की जानकारी हुई। शिवम के मुताबिक, 28 अगस्त को पत्नी वर्तिका और बहन हेमलता रक्षाबंधन मनाने मायके चली गई थीं। इसके बाद वह भी हरिद्वार चले गए। घर लौटने पर अंदर सामान बिखरा मिला। जांच में पता चला कि चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और दरवाजे का बेलन तोड़कर अलमारी में रखी नकदी व आभूषण चोरी कर ले गए। चोर घर में लगा डीबीआर भी उठा ले गए। इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।