विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए मंगलवार को नामांकन स्थल पर सियासी रंग दिखा। भाजपा के दोनों प्रत्याशी सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ ढोल-नगाड़ों की धुन पर थिरकते हुए मंडलायुक्त न्यायालय पहुंचे। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक भी वहां पहुंचे और दोनों प्रत्याशियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ नामांकन कक्ष में गए। भाजपा के शिक्षक खंड के प्रत्याशी उमेश द्विवेदी और स्नातक खंड के प्रत्याशी अवनीश कुमार सिंह ने सोमवार को सादगी के साथ नामांकन दाखिल किया था। मंगलवार को दोनों ने समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया पूरी की। वहीं, सपा की स्नातक खंड प्रत्याशी कांति सिंह ने भी मंगलवार को सादगी के साथ नामांकन पत्र का एक और सेट दाखिल किया। वह सोमवार को समर्थकों के साथ नामांकन कर चुकी थीं। इसके अलावा कई निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी मंडलायुक्त/रिटर्निंग ऑफिसर विजय विश्वास पंत के समक्ष नामांकन दाखिल किया।