नगर निगम में आयोजित समाधान शिविर में एकता नगर, पीजीआई निवासी सोनम ने सेंट वारिस पब्लिक स्कूल के पास आवासीय क्षेत्र में कथित रूप से संचालित पिग फार्म को बंद कराने की मांग की। उन्होंने नगर आयुक्त और महापौर को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। सोनम व अन्य स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने भी नगर आयुक्त को पत्र भेजकर मामले में त्वरित कार्रवाई का अनुरोध किया है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि पिग फार्म के कारण क्षेत्र में दुर्गंध, गंदगी और अस्वास्थ्यकर माहौल बना हुआ है। इससे स्थानीय निवासियों के साथ स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई गई है। स्थानीय लोगों ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।