लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में पुलिस चौकी से सटे प्राचीन कालेबीर मंदिर समेत तीन मंदिरों को सोमवार रात चोरों ने निशाना बनाया। सीमेंट के रोशनदान तोड़कर अंदर घुसे और दान पात्र से नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस चौकी के नजदीक हुई चोरी की इस वारदात ने रात्रि गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी संतोष ने रोशनदान टूटे और दान पात्रों से नकदी गायब देखी तो चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद मंदिर प्रबंधन को सूचना दी गई। मंदिर प्रबंधक देवेंद्र पांडेय ने बताया कि इससे पहले भी मंदिर में चोरी की घटना हो चुकी है, लेकिन आज तक उसका खुलासा नहीं हो सका। अब दोबारा चोरों ने वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था को चुनौती दी है। कोषाध्यक्ष विजय कुमार द्विवेदी ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठाए। वहीं, एक साथ तीन मंदिरों में चोरी की जानकारी फैलते ही क्षेत्रीय श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। लोगों ने पुलिस से जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और मंदिरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।