राजधानी लखनऊ के माल क्षेत्र में गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बसहरी और बहरौरा गांव में किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दोनों गांवों में धान की पकी फसल के साथ उड़द, सब्जी और चारे के खेत पानी में डूब गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो चुकी है। बसहरी निवासी सतीश ने बताया कि पानी भरने से उनके मकान का आधा हिस्सा डूब गया है। रमेश की गुमटी भी पानी में समा गई। बसहरी के ही बसंत का घर पानी में डूबने के बाद वह सामान और मवेशियों को लेकर दूसरे मकान में चले गए। दिनेश निषाद के घर के दरवाजे तक पानी पहुंच गया है। ग्रामीणों के मुताबिक हर रात जलस्तर बढ़ रहा है। बहरौरा निवासी लल्लू, नन्हू सिंह, कल्लू सिंह, विश्वनाथ सिंह, शिवनाथ और छोटन्न आदि ने बताया कि पानी बढ़ने से खेतों में खड़ी फसल बर्बाद होने की कगार पर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जलस्तर बढ़ने पर निगरानी और प्रभावित किसानों को राहत दिलाने की मांग की है। उपजिलाधिकारी अपराजिता आर्यन ने बताया कि टीम भेज कर जांच कराई जा रही है।