लखनऊ के हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा के पास होमगार्ड भर्ती-2025 की प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) जारी करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हाथों में पोस्टर लेकर धरना-प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों का अनुमान है कि अन्य भर्तियों में चयन के बाद होमगार्ड के 15 से 20 हजार पद रिक्त रह गए हैं, इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।