रामनगरी में दीपोत्सव-2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पांच से सात नवंबर तक मुख्य आयोजन होंगे। इस बार दीपोत्सव का विस्तार करीब दो किलोमीटर तक करने की तैयारी है। मुख्य आयोजन राम की पैड़ी पर होगा, जहां करीब 28 लाख दीये जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य है। आयोजन को लक्ष्मण घाट से चौधरी चरण सिंह घाट तक विस्तार देने की तैयारी है। राम की पैड़ी परिसर में घाटों पर नई सीढ़ियां भी बनाई जा रही हैं। इस बार दीपोत्सव में आध्यात्मिकता के साथ अवध की प्राचीन सांस्कृतिक परंपराओं की भव्य झलक दिखाई देगी। सरयू तट पर होने वाली महाआरती को भी भव्य स्वरूप दिया जाएगा। पुराने पुल से लक्ष्मण घाट तक करीब एक किलोमीटर लंबे घाट क्षेत्र को रंग-बिरंगी रोशनियों से सजाया जाएगा।