फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झमाझम बारिश में भगवान का नगर भ्रमण, 12 बुर्जों से हुई विमानों की भव्य महाआरती

अमर उजाला ब्यूरो ललितपुर। शहर में मंगलवार को जलविहार का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। झमाझम बारिश के बीच मंदिरों के विमानों की भव्य शोभायात्रा निकली। भक्तों ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया, तो आसमान से इंद्रदेव भी जलवर्षा करते रहे। सुम्मेरा तालाब के घाटों पर मंत्रोच्चार के बीच भगवान के विग्रहों को जलविहार कराया गया। इसके बाद 12 बुर्जों से बनारस की तर्ज पर विमानों की भव्य महाआरती हुई। शहर के मोहल्ला चौबयाना स्थित श्रीरघुनाथ मंदिर से विमानों की शोभायात्रा बारिश के बीच शुरू हुई। सबसे आगे श्रीरघुनाथजी मंदिर के दो विमान चल रहे थे। रास्ते में विभिन्न मंदिरों के विमान भी शोभायात्रा में शामिल होते गए। चौबयाना से शुरू हुई यात्रा रावरपुरा और महावीरपुरा होते हुए घंटाघर पहुंची। यहां शहर के 50 से अधिक विमान एकत्र हुए, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। सावरकर चौक पर हजारों श्रद्धालु विमानों के साथ राधे-राधे के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। ढोल-नगाड़ों और बैंडबाजों की धुन पर विमानों की महाआरती की गई। सैकड़ों भक्त पीले चंदन का तिलक लगाए और भगवा वस्त्र धारण किए भक्ति में झूमते नजर आए। यात्रा मार्ग में विभिन्न संगठनों और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर भगवान की आरती और पूजन किया। इसके बाद भगवान के विमान सुम्मेरा तालाब के घाटों पर पहुंचे। यहां 21 पंडितों ने मंत्रोच्चार के बीच गंगाजल से भगवान के विग्रहों का जलविहार कराया। इसके बाद 12 बुर्जों से बनारस की तर्ज पर भव्य महाआरती हुई। महाआरती के बाद विमानों को श्रीनृसिंह रामलीला मैदान में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखा गया। रात करीब आठ बजे आरती के बाद विमान श्रीगणेश पांडाल पहुंचे, जहां रात साढ़े आठ बजे एक बार फिर भव्य महाआरती हुई। इसके बाद भगवान के विमान श्रीजगदीश मंदिर और श्रीथानेश्वर मंदिर होते हुए विभिन्न मोहल्लों में पहुंचे। घर-घर श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर दीप प्रज्वलित किए और आरती-पूजन किया। भक्ति और दीपों की रोशनी से माहौल दीपावली जैसा नजर आया। इन मंदिरों के विमान रहे शामिल शहर के विभिन्न देवालयों से भगवान के श्रीविग्रहों के विमान जलविहार शोभायात्रा में शामिल हुए। इनमें श्रीरघुनाथजी मंदिर चौबयाना, बनखंडी मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, मुरलीमनोहर मंदिर रावरपुरा, मदनमोहनजी मंदिर महावीरपुरा, महावीरपुरा मंदिर, श्रीथानेश्वर मंदिर घंटाघर, तुवन मंदिर, रामजानकी मंदिर, चंडी मंदिर गांधीनगर, राधाकृष्ण मंदिर साहू समाज नईबस्ती, देवी मंदिर जुगपुरा, सिद्धन मंदिर, शिव मंदिर, शनि मंदिर, हनुमान गढ़ी मंदिर, बिहारीजी मंदिर आजाद चौक, रामराजा मंदिर नदीपुरा, कुशकुटी मंदिर नदीपार, गोविंद नगर काली माता मंदिर, जगदीश मंदिर घंटाघर, परमहंस मंदिर तालाबपुरा, धनुषधारी मंदिर तालाबपुरा, जुगलकिशोर बालाजी मंदिर हवालदार तालाबपुरा, सर्वेश्वर धाम मंदिर बंध कॉलोनी, तखत घाट मंदिर तालाब के ऊपर, राम मंदिर बांध रोड, रिसाला मंदिर, रामजानकी मंदिर, सिवनी मंदिर हवाई पट्टी, गणेश मंदिर सीतापाठ और नामदेवजी गणेश मंदिर आजाद चौक प्रमुख रूप से शामिल रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें