संवाद न्यूज एजेंसी मोंठ। कस्बे में आयोजित विराट दंगल में भोजपुरी अभिनेता और भाजपा नेता दिनेश लाल यादव निरहुआ ने अपने चर्चित गीत ‘बुलडोजर बाबा चाप रहे हैं, माफिया हांफ रहे हैं’ की प्रस्तुति देकर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। गीत के बोल गूंजते ही कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उत्साह दिखाया और तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाया। निरहुआ की प्रस्तुति से दंगल में मनोरंजन के साथ राजनीतिक रंग भी देखने को मिला। निरहुआ ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार बनने से पहले उत्तर प्रदेश में जगह-जगह जंगलराज और गुंडाराज का माहौल था। अपराधियों और माफिया का प्रभाव था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपराधियों और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने की दिशा में कदम उठाए हैं। भोजपुरी अभिनेता ने गीत और संबोधन के माध्यम से सरकार की नीतियों और कानून व्यवस्था को लेकर अपना पक्ष रखा। कुश्ती देखने पहुंचे लोगों के बीच निरहुआ की मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रही। उनकी प्रस्तुति के दौरान पंडाल में उत्साह का माहौल बना रहा।