झांसी। राजापुर से रक्सा को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पिछले कई महीनों से बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आए दिन बाइक सवार और अन्य वाहन चालक गड्ढों के कारण गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बरसात के दौरान सड़क की हालत और खराब हो गई है। गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को भी इस मार्ग से निकलने में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग आसपास के गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ता है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक से भी मामले का संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।