फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरकारी भूमि पर बन रहीं 10 दुकानों पर चला बुलडोजर

संवाद न्यूज एजेंसी मऊरानीपुर। नगर के मेला ग्राउंड के सामने स्थित लक्ष्मी व्यायामशाला की सरकारी भूमि पर निर्माण को लेकर शुक्रवार देर रात विवाद खड़ा हो गया। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद शनिवार सुबह प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर से निर्माणाधीन ढांचों को ध्वस्त करा दिया। मामले में बिना निविदा निर्माण और सरकारी भूमि के कथित अवैध अंतरण को लेकर सवाल उठाए गए हैं। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की गई है। जानकारी के अनुसार, तहसील क्षेत्र में मेला ग्राउंड के सामने स्थित लक्ष्मी व्यायामशाला की भूमि जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के नाम दर्ज है। शुक्रवार शाम स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि पीआरडी की चारदीवारी के भीतर सुखनई नदी की ओर करीब 10 दुकानों के आकार में निर्माण कराया जा रहा है। सूचना पर विधायक प्रतिनिधि जयप्रकाश आर्य, समाजसेवी आरके अहिरवार, वीरेंद्र अग्रवाल और पार्षद प्रतिनिधि पावस मोदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने निर्माण का विरोध करते हुए उपजिलाधिकारी और तहसीलदार को मामले से अवगत कराया। देर रात तहसीलदार पवन कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवा दिया। विधायक रश्मि आर्य ने भी जिलाधिकारी को पत्र भेजकर कथित अवैध अंतरण और निर्माण पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यायामशाला की दो बीघा भूमि में से करीब एक बीघा जमीन भूमाफिया के कब्जे में चली गई है। शनिवार सुबह उपजिलाधिकारी, तहसीलदार पवन कुमार, पीआरडी कमांडेंट शिवराम और नगर पालिका की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से बाउंड्री परिसर के भीतर बनाए जा रहे ढांचों को ध्वस्त करा दिया। एसडीएम ने बताया कि लक्ष्मी व्यायामशाला की भूमि पर बाउंड्री के भीतर कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अवैध निर्माण किए जाने की सूचना मिली थी। इस पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए निर्माण हटवा दिया। वहीं, जिला युवा कल्याण अधिकारी शिवराम सिंह ने भूमि को संरक्षित करने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग की ओर से दुकानों का निर्माण नहीं कराया जा रहा था। उनके अनुसार, ड्यूटी के दौरान मौका पाकर कुछ लोग परिसर में घुस आए थे। निर्माण के लिए निविदा और बजट से जुड़े सवालों पर उन्होंने फाइल देखने के बाद जानकारी देने की बात कही। साथ ही लगाए गए आरोपों को निराधार बताया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें