नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान को मजबूत करने के लिए 16 सितंबर को ऊना में एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में होने वाले इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, सामाजिक संगठन और बड़ी संख्या में आम लोग शामिल होंगे। उपायुक्त जतिन लाल ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में वॉकाथॉन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय राणा भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री वॉकाथॉन में युवाओं के साथ चलेंगे और उनसे संवाद करते हुए नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देंगे। इस दौरान प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने और पर्यावरण संरक्षण के लिए शपथ भी दिलाई जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत 16 सितंबर को सुबह आठ बजे इंदिरा गांधी खेल मैदान में होगी। प्रसिद्ध पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ दी पाइन्स’ की प्रस्तुति के साथ आयोजन का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद करीब दो घंटे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे। वॉकाथॉन इंदिरा गांधी खेल मैदान से शुरू होकर आईएसबीटी ऊना तक जाएगी और वहां से वापस खेल मैदान में संपन्न होगी। इसमें नौवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों, आईटीआई और कॉलेज के युवाओं के साथ सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी रहेगी। उपायुक्त ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को जनआंदोलन का रूप देने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उपायुक्त जतिन लाल ने शैक्षणिक संस्थानों से आग्रह किया कि विद्यार्थी अपने संस्थानों के बैनर के साथ वॉकाथॉन में शामिल हों। उन्होंने ऐसे तख्ते या लकड़ी के बैनर न लाने की अपील की, जिनसे किसी प्रतिभागी को चोट लगने की आशंका हो। विभिन्न स्थानों से आने वाली बसों पर भी एंटी-चिट्टा जागरूकता से जुड़े बैनर लगाने का आग्रह किया गया है। उपायुक्त ने जिलावासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प को मजबूत करने की अपील की। वॉकाथॉन के बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू सुबह 11:35 बजे रामपुर पुल का नींव पत्थर रखेंगे। इसके साथ ही बीडीओ कार्यालय ऊना का उद्घाटन भी किया जाएगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय राणा ने बताया कि विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए 16 सितंबर को सुबह आठ बजे से विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। यह व्यवस्था प्रतिभागियों के सुरक्षित रूप से रवाना होने तक जारी रहेगी। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से ऊना शहर की ओर वाहन न लाएं और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। हमीरपुर-ऊना-चंडीगढ़ मार्ग: हमीरपुर से चंडीगढ़ वाया ऊना जाने वाले वाहन भोटा-घुमारवीं-कीरतपुर फोरलेन मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। बंगाणा से चंडीगढ़: वाहन थानाकलां-बीहड़ू-पीरनिगाह-बसोली-चताड़ा-रायपुर मैदान होते हुए भाखड़ा-नंगल रोड से जा सकेंगे। चंडीगढ़ से बंगाणा या हमीरपुर: वाहन बहडाला या बीहड़ू मार्ग से थानाकलां की ओर जा सकेंगे। हमीरपुर-अम्ब मार्ग: हमीरपुर और अम्ब के बीच चलने वाले वाहन बडूही से जोल-खुरवाई मार्ग का इस्तेमाल करेंगे। कांगड़ा-अम्ब-ऊना-चंडीगढ़ मार्ग: वाहन झलेड़ा से घालूवाल, हरोली, टाहलीवाल, संतोषगढ़ और अजौली मोड़ होकर जाएंगे। बद्दी-ऊना मार्ग: बद्दी से आने वाले वाहन मैहतपुर-बहडाला-जनकौर-रामपुर मार्ग का इस्तेमाल करेंगे। ऊना से बद्दी जाने वाले वाहन रामपुर-जनकौर-नंगड़ा-संतोषगढ़-अजौली मोड़ मार्ग से जा सकेंगे। चार अस्थायी बस स्टैंड बनाए गए 16 सितंबर को ऊना आने वाली सामान्य बस सेवाओं के लिए चार अस्थायी बस स्टैंड निर्धारित किए गए हैं। मैहतपुर की ओर से आने वाली बसों के लिए बहडाला, हरोली की दिशा से आने वालों के लिए रामपुर हरोली पुल के पास, अम्ब की ओर से आने वालों के लिए झलेड़ा और बंगाणा की ओर से आने वालों के लिए ओल्ड बस स्टैंड पर बस स्टॉपेज रहेगा। इन स्थानों से ऊना मुख्यालय तक पहुंचने के लिए एचआरटीसी की शटल बस सेवा उपलब्ध रहेगी। छोटे वाहनों से आने वाले प्रतिभागियों के लिए पुराना बस अड्डा ऊना और गलुआ मार्ग एवं मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। डीसी चौक से रक्कड़ तक का मार्ग सुबह आठ बजे से सभी विद्यार्थियों और प्रतिभागियों के सुरक्षित रवाना होने तक नो-ट्रैफिक जोन रहेगा। रामपुर-डीसी चौक-झलेड़ा मार्ग पर वन-वे यातायात व्यवस्था रहेगी और वाहन केवल झलेड़ा की ओर जा सकेंगे। आपातकालीन और आवश्यक सेवा वाहनों के आवागमन पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। वॉकाथॉन के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। आयोजन स्थल और पूरे वॉकाथॉन मार्ग पर ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। पुलिस की ओर से यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए छह पेयजल स्थल बनाए जाएंगे। मोबाइल टॉयलेट यूनिट्स के साथ शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए तीन एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की तीन टीमें तैनात रहेंगी। प्रतिभागियों को आने और वापसी के दौरान रिफ्रेशमेंट भी उपलब्ध करवाया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में शामिल होकर नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को सफल बनाएं।