कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता बलबीर सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की ओर से देश के शीर्ष संवैधानिक पदों पर आसीन नेताओं के खिलाफ लगातार अभद्र और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रेस वार्ता में बलबीर सिंह ने कहा कि भाजपा इस तरह की भाषा की कड़े शब्दों में निंदा करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पवन खेड़ा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनकी माता और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित टिप्पणियां सामने आ चुकी हैं। बलबीर सिंह ने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के खिलाफ इस तरह की भाषा को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि मामले में वरिष्ठ अधिवक्ताओं से कानूनी सलाह ली जा रही है। जल्द ही अंब के डीएसपी को शिकायत सौंपकर मामले की जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जाए। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा चिंतपूर्णी मंडल लोअर ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष राकेश चौधरी भी मौजूद रहे।