सांसद अनुराग ठाकुर ने बुधवार को ऊना में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्र प्रायोजित विभिन्न विकास योजनाओं की गहन समीक्षा की। साथ ही केंद्र सरकार की सांसद निधि के तहत वित्त पोषित योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास पट्टिका पर नाम लगाने पर अधिकारियों को खूब फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने विभाग, प्रदेश और आमजन के प्रति जवाबदेही की भावना के साथ कार्य करें तथा योजनाओं का अधिकतम लाभ गरीब एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना अपनी प्राथमिकता बनाएं। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने कार्यों के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, समयसीमा तय करने तथा नियमित रूप से प्रगति का आकलन करने पर जोर दिया। जिला परिषद सम्मेलन कक्ष में आयोजित बैठक में सांसद ने केंद्र प्रायोजित योजनाओं के साथ-साथ ऊना में केंद्र की सहायता से क्रियान्वित की जा रही महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।