ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ूही बाजार के समीप दिलवां क्षेत्र में शुक्रवार को दो कारों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, हादसे के दौरान कारों में लगे एयरबैग खुलने से सवारों की जान बच गई। दुर्घटना में दो लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और घटना की सूचना पुलिस को दी। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को आगे के उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा गया। दुर्घटना के कारण ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। क्षतिग्रस्त वाहन सड़क पर होने के कारण वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई और जाम जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल करवाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों कारों की टक्कर काफी तेज थी और वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। हादसे के समय दोनों कारों के एयरबैग खुल गए, जिससे सवारों को गंभीर चोटों से बचाने में मदद मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि एयरबैग समय पर नहीं खुलते तो दुर्घटना के परिणाम और गंभीर हो सकते थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किस कारण हुई और दोनों वाहनों की गति कितनी थी, इसकी जांच की जा रही है।