फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऊना: कोटि गायत्री महायज्ञ में अरणी मंथन से प्रज्ज्वलित की गई अग्नि, हेमानंद महाराज ने चलाई मधानी

उत्तर भारत के प्राचीन धार्मिक स्थल डेरा बाबा रुद्रानंद धाम नारी में विश्व कल्याण के लिए कोटि गायत्री महायज्ञ चल रहा है। महायज्ञ के चौथे दिन वीरवार को यज्ञशाला में अरणी मंथन किया गया। डेरा के अधिष्ठाता एवं श्री श्री 1008 वेदांताचार्य विद्यालंकार हेमानंद महाराज की अगुवाई में वैदिक मंत्रों के बीच अग्नि प्रज्ज्वलित की गई। सुबह करीब पौने 12 बजे हेमानंद महाराज यज्ञशाला में पहुंचे। इस दौरान वाराणसी से आए विद्वानों ने यज्ञशाला में वेद माता गायत्री की विधिवत पूजा-अर्चना करवाई। इसके बाद अग्नि प्रज्ज्वलित करने के लिए अरणी मंथन की प्रक्रिया शुरू हुई। हेमानंद महाराज ने मधानी चलाई, जबकि वाराणसी से आए विद्वान लोकेंद्र शर्मा सहित अन्य ने इसमें सहयोग किया। इस पवित्र प्रक्रिया के साक्षी श्री बाबा रुद्रानंद जी ट्रस्ट के सचिव परवीन शर्मा, दुबई से आए प्रदीप शर्मा, अमेरिका से आए कुलभूषण शर्मा, लुधियाना से दीपक जैन, प्रवेश शर्मा, जीवन शर्मा, जिला परिषद सदस्य योगराज जोगी, रमेश चंद शास्त्री, संजीव सहोड़, सुभाष शर्मा, डेरा बाबा रुद्रानंद मंडल शिमला के प्रधान अरविंद शर्मा, अमृतसर मंडल के नरेंद्र शर्मा व अनिल शाहजादा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु बने। वीरवार को यज्ञशाला के हवन कुंड में अग्नि स्थापित करने के लिए अरणी मंथन किया गया। इसमें कृत्रिम पद्धति के बजाय सूखी लकड़ियों को आपस में घर्षण कर अग्नि प्रज्ज्वलित की गई। इसके लिए लकड़ी के एक टुकड़े को नीचे रखा गया, जिसमें चार छेद किए गए थे। उसमें गोलाकार लकड़ी को मधानी की तरह रस्सी से बांधकर घुमाया गया। कुछ मिनटों की प्रक्रिया के बाद अग्नि प्रज्ज्वलित हुई। इसके बाद वैदिक मंत्रों के बीच अग्नि को यज्ञशाला के हवन कुंड में स्थापित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अखंड धूने और बाबा रुद्रानंद के जयकारे लगाए। अग्नि स्थापित होने के बाद हेमानंद महाराज की अगुवाई में यज्ञ में आहुतियां डाली गईं। श्री डेरा बाबा रुद्रानंद जी ट्रस्ट के सचिव परवीन शर्मा ने बताया कि अरणी मंथन का उल्लेख वेदों में मिलता है और इसकी परंपरा ऋषि-मुनियों के समय से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि रुद्रानंद आश्रम में पिछले पांच दशक से अरणी मंथन किया जा रहा है और यह परंपरा आज भी निरंतर जारी है। महायज्ञ के चौथे दिन सदाशिव मंदिर ध्यूंसर महादेव चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन परवीन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। डेरा में उनका फूलमालाओं और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ स्वागत किया गया। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी के साथ अखंड धूने पर माथा टेका और हेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया। जिला परिषद सदस्य योगराज जोगी और पंडित रमेश शास्त्री भी उनके साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम में भाग लेने के बाद परवीन शर्मा डेरा में सेवा कार्यों में जुट गए। वह श्री डेरा बाबा रुद्रानंद जी ट्रस्ट के सचिव भी हैं। वीरवार को डेरा बाबा रुद्रानंद धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों भक्तों ने अखंड धूने पर माथा टेका और हेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया। इसके बाद श्रद्धालु अरणी मंथन के साक्षी बने। डेरा परिसर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में वृंदावन से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक लक्ष्मी नारायण तिवारी शास्त्री ने प्रवचन दिए। कथा के दौरान हरि भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कथा सुनने के बाद श्रद्धालुओं ने लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर प्राचीन महादेव मंदिर के महंत मंगलानंद महाराज भी विश्व कल्याण के लिए चल रहे कोटि गायत्री महायज्ञ में पहुंचे। उनका वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ स्वागत किया गया। उन्होंने अखंड धूने पर माथा टेका और यज्ञशाला में हेमानंद महाराज के साथ हवन कुंड में आहुतियां डालीं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें